यातायात पुलिस का औचक निरीक्षण 26 स्कूल वाहनों पर की गई चालानी कार्रवाई ,स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर सख्ती

सिंगरौली से दिलीप कुमार गुप्ता की खास रिपोर्ट

सिंगरौली — आज दिनांक 09 जुलाई 2025 को यातायात पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न चौराहों एवं स्कूल मार्गों पर स्कूल वाहनों का औचक निरीक्षण किया गया। यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक  मनीष खत्री (भापुसे) के मार्गदर्शन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  अभिषेक रंजन एवं सीएसपी विन्ध्यनगर  पी.एस. परस्ते के निर्देशन में संपन्न हुई।

निरीक्षण के दौरान इन्द्राचौक, पुराना यातायात तिराहा, सेंट जोसेफ स्कूल तिराहा, राजीव चौक, निगाही मोड़ एवं जयंती बस पड़ाव सहित अन्य स्थानों पर अलग-अलग टीमें तैनात की गई थीं। इन टीमों द्वारा 53 से अधिक स्कूल बसें, मैजिक, वैन एवं ऑटो की जांच की गई।

जांच के दौरान 26 वाहनों को मप्र शासन द्वारा जारी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन न करने के चलते चालानी कार्रवाई का सामना करना पड़ा। इन पर कुल ₹13,000 का जुर्माना अधिरोपित किया गया। साथ ही, सभी संबंधित वाहन संचालकों एवं स्कूल प्रबंधन को शासन के निर्देशों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई।

🚍 स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि
मप्र शासन द्वारा 18 सितंबर 2019 को जारी राजपत्र (क-388) में स्पष्ट निर्देश हैं कि शैक्षणिक वाहनों की संचालन व्यवस्था, चालक/परिचालक की योग्यता, आचरण, तथा छात्रों की सुरक्षा संबंधी उपाय अनिवार्य रूप से लागू किए जाएं।

यातायात पुलिस ने स्कूल बस ऑपरेटरों, स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों से अपील की है कि वे निम्नलिखित सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें:

सभी स्कूल बसें पीले रंग की हों।

वाहनों पर “स्कूल बस” अथवा “ऑन स्कूल ड्यूटी” अंकित हो।

प्राथमिक उपचार पेटी अनिवार्य हो।

स्पीड गवर्नर एवं अग्निशमन यंत्र लगे हों।

बस में बैग टांगने की व्यवस्था एवं मजबूत दरवाजे हों।

प्रशिक्षित अटेंडेंट तैनात हो।

चालक का रिकॉर्ड स्वच्छ हो तथा 5 वर्षों का वैध ड्राइविंग लाइसेंस हो।

खिड़कियों पर सरियों की जाली हो।

स्कूल का नाम एवं संपर्क नंबर बस पर अंकित हो।

सभी बसों में CCTV कैमरे अनिवार्य रूप से लगे हों।

🚨 सुरक्षा के प्रति सख्ती
इस अभियान में यातायात थाना प्रभारी सउनि सुरेश शुक्ला, सउनि उत्तम सिंह, प्रआर 18 पुष्पेन्द्र, आरक्षक 493 प्रवेश तिवारी, आरक्षक रवि मिश्रा सहित यातायात टीम की भूमिका सराहनीय रही।

📢 यातायात पुलिस ने सभी शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों तथा वाहन संचालकों से अनुरोध किया है कि वे दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन करें, ताकि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply