
चितरंगी। जनपद पंचायत चितरंगी में राज्य मंत्री राधा सिंह ने ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, उपयंत्री, पीसीओ तथा जनपद सीईओ के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में उपखंड अधिकारी चितरंगी सौरभ मिश्रा, तहसीलदार चितरंगी ऋषि नारायण सिंह, तहसीलदार दुधमनिया सारिका परस्ते, पंचायत इंस्पेक्टर रामजी शर्मा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मंत्री राधा सिंह ने हितग्राही मूलक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास, स्वच्छ भारत मिशन, आवासीय पट्टा, शान्तिधाम सहित सभी योजनाओं को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव में एक तालाब होना अनिवार्य है, जिससे पर्यावरण संरक्षण एवं जल संचयन को बढ़ावा मिल सके।
मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मप्र शासन की भूमि को सुरक्षित रखा जाए और किसी भी प्रकार के अतिक्रमण पर कठोर कार्रवाई की जाए। शासन की सभी योजनाएँ धरातल तक पहुँचें और गरीबों को सीधा लाभ मिले, यह अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक में सभी विभागीय अधिकारियों को पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।