
सिंगरौली/चितरंगी, 20 दिसंबर।
चितरंगी क्षेत्र में रेत उत्खनन को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सहकार ग्लोबल कंपनी की एक पीसी मशीन जब्त की है। यह कार्रवाई 19 दिसंबर को उपखंड अधिकारी चितरंगी द्वारा की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेत उत्खनन कार्य में लगी उक्त पीसी मशीन सड़क पर खड़ी पाई गई थी। प्रशासन ने इसे नियमों के उल्लंघन की श्रेणी में मानते हुए जब्त कर लिया। मशीन को सड़क से उठवाकर चितरंगी थाना परिसर में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है।
मौके पर मौजूद सहकार ग्लोबल कंपनी के कर्मचारियों ने मशीन जब्ती का विरोध किया, लेकिन उपखंड अधिकारी अपने निर्णय पर अडिग रहे और प्रशासनिक कार्रवाई को अंजाम दिया गया। हालांकि, मशीन जब्ती का स्पष्ट कारण अब तक प्रशासन की ओर से सार्वजनिक नहीं किया गया है, जिससे मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
वहीं, सहकार ग्लोबल कंपनी के कर्मचारियों का आरोप है कि बिना ठोस कारण के यह कार्रवाई की गई है। इस घटनाक्रम के बाद रेत उत्खनन से जुड़े अन्य ठेकेदारों में भी हड़कंप मच गया है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में किस नियम उल्लंघन को आधार बनाता है या फिर कंपनी द्वारा लगाए गए आरोपों पर क्या स्पष्टीकरण देता है।