




सिंगरौली जिले की सरई तहसील अंतर्गत ग्राम गोरा में भगवती मानव कल्याण संगठन के तत्वावधान में धर्म सम्राट युग चेतना पुरुष परमहंस योगीराज श्री शक्तिपुत्र जी महाराज के पावन निर्देशन में जिला स्तरीय 24 घंटे का अखंड श्री दुर्गा चालीसा पाठ श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही, जिससे पूरा गांव भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया।
आयोजन से पूर्व सरई बाजार में नशामुक्ति जन-जागरण पदयात्रा निकाली गई, जिसमें संगठन के पदाधिकारी, साधक-साधिकाएं एवं श्रद्धालु शामिल हुए। पदयात्रा के माध्यम से समाज को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भगवती मानव कल्याण संगठन के केंद्रीय महासचिव सौरभ द्विवेदी ने कहा कि शक्ति की आराधना से ही मानवता का कल्याण संभव है। उन्होंने समाज में बढ़ते नशे पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नशा युवाओं को शारीरिक व मानसिक रूप से कमजोर बनाकर उनके भविष्य को अंधकार में धकेल रहा है। उन्होंने माता आदि शक्ति की उपासना, नित्य साधना और सकारात्मक जीवन मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।
अखंड पाठ के समापन अवसर पर विधिवत आरती -पूजन किया गया। इसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन से क्षेत्र में धार्मिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक चेतना का संचार हुआ।