
पथरिया। पुलिस यातायात को लेकर काफी सतर्क है। लोगों को नियम समझाए जा रहे हैं और अपेक्षा की जा रही है कि सभी नियम कानून से सड़क पर चलें और यातायात के नियम का पालन करें, लेकिन यह नियम शायद पुलिस कर्मियों पर लागू नहीं होता है। ऐंसा हम नहीं कह रहे यह साबित हो रहा है सोशल मीडिया पर वायरल होती इस तस्वीर से।
बता दें कि ये पथरिया पुलिस थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक संदीप कुशवाहा है जो कभी यातायात चेकिंग में बिना हेलमेट वाले बाइक सवारों का चालान काटने ड्यूटी पर होते हैं तो कभी स्वयं ही बिना हेलमेट यातायात के नियमों का उल्लंघन करते हुए सड़क पर फर्राटे से बाइक दौड़ाते हुए नजर आते हैं।
यातायात के नियमों का पालन कराने जहां एक तरफ पुलिस प्रशासन लोगों के लिए सख्ती दिखाता है, वहीं चालान की भारी-भरकम रकम के डर के आम लोग भी नियमों का कड़ाई से पालन कर रहे हैं। लोगों को नियमों में हल्की सी चूक की भारी कीमत चुकानी होती है।
एक ओर तो पुलिस हेलमेट नहीं पहनने वाले बाइक सवारों और यातायात के नियमों का पालन न करने वालों पर चालानी कार्यवाही कर रही है, तो वहीं दूसरी ओर पुलिसकर्मी खुद सारे नियम कानून ताक पर रख कर बिना हेलमेट के घूम रहे हैं।