


चितरंगी / सिंगरौली – विश्व मानवाधिकार दिवस के अवसर पर 10 दिसंबर को मानवाधिकार संरक्षण संगठन (एचआरडी) द्वारा चितरंगी में जागरूकता एवं सदस्यता अभियान के तहत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं सम्मानित नागरिकों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर धूप-दीप प्रज्वलित कर एवं माल्यार्पण के साथ की गई। इसके उपरांत मुख्य अतिथियों ने सभी आगंतुकों का स्वागत किया। साथ ही नवनियुक्त पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह में उपस्थित अतिथियों ने मानवाधिकारों की मूल अवधारणा, इसकी महत्ता तथा समाज के कमजोर एवं पिछड़े वर्गों के लिए संगठन की भूमिका पर विस्तृत प्रकाश डाला। वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि मानवाधिकार संरक्षण संगठन हमेशा जरूरतमंदों के साथ खड़ा रहेगा और किसी भी व्यक्ति को स्वयं को असहाय या कमजोर महसूस करने की आवश्यकता नहीं है। एचआरडी संस्था निरंतर मानवाधिकारों की रक्षा और जागरूकता फैलाने के लिए सक्रिय रूप से कार्यरत है।
कार्यक्रम में प्रदेश मुख्य अतिथि एवं अध्यक्ष आर.सी. तिवारी, विशिष्ट अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष डी.डी. चतुर्वेदी, जिला अध्यक्ष विनय कुमार द्विवेदी, जिला उपाध्यक्ष अनिल द्विवेदी, महिला सेल जिला अध्यक्ष सीमा धर द्विवेदी, जिला समीक्षक रमाशंकर पाठक, जिला महासचिव अभिषेक सिंह, जिला मीडिया प्रभारी कुलदीप सिंह सनी, जिला सचिव नितेश तिवारी, सुशील सिंह, जिला उपसचिव भोला प्रसाद, उपसचिव प्रदीप पाठक सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इसके साथ ही ब्लॉक अध्यक्ष चितरंगी दिलीप कुमार गुप्ता, ब्लॉक प्रभारी प्रमोद द्विवेदी, सक्रिय कार्यकर्ता राधा यादव, संतोषीय साकेत, भगवती मानव कल्याण संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष छोटेलाल जयसवाल समेत क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता दर्ज कराई।
कार्यक्रम के अंत में मानवाधिकारों की रक्षा, समाज में जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने के लिए संगठन की प्रतिबद्धता दोहराई गई। समारोह उत्साहपूर्ण माहौल के साथ संपन्न हुआ।