

सिंगरौली, 26 अगस्त -2025 को सिंगरौली जिले के गढ़वा थाना अंतर्गत ग्राम कोटली से नोडीहवा पुलिस चौकी क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। स्थानीय ग्रामीणों और भगवती मानव कल्याण संगठन के नशा मुक्ति अभियान के तहत संयुक्त कार्रवाई में 17 पेटी अवैध शराब जब्त की गई है। यह शराब एक बिना नंबर की ऑल्टो कार में भरकर तस्करी के उद्देश्य से ले जाई जा रही थी।
ग्रामीणों को जब इस संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिली, तो उन्होंने तत्काल संगठन के पदाधिकारियों के साथ मिलकर वाहन को घेर लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। नोडीहवा पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मौजूदगी में कार को कब्जे में लेकर शराब की पेटियों को ज़ब्त किया।
कार्रवाई को पूरी पारदर्शिता के साथ अंजाम दिया गया — पूरी घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई है, जो सबूत के तौर पर इस्तेमाल की जाएगी।
आरोपी मौके से फरार, पुलिस जांच में जुटी
बताया जा रहा है कि शराब तस्कर मौके से फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान किया जा रहा है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही इस मामले में ठोस कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप , इस घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। उनका आरोप है कि गांवों में लगातार अवैध शराब की बिक्री हो रही है और इसमें कुछ पुलिसकर्मियों की मिलीभगत भी शामिल है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस तरह की गतिविधियों पर रोक नहीं लगाई गई और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो वे बड़ा जन आंदोलन छेड़ने को बाध्य होंगे।
अब देखने वाली बात यह होगी कि पुलिस और जिला प्रशासन इस मामले में कितना गंभीरता से कदम उठाता है। क्या यह कार्रवाई महज़ एक घटना बनकर रह जाएगी, या फिर वाकई जिले में नशा मुक्त समाज की ओर कोई ठोस पहल की जाएगी?