


“उमड़ा आस्था और उल्लास का सैलाब!”
चितरंगी मुख्यालय में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर उपखंड प्रशासन के सौजन्य से एक भव्य मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसने पूरे क्षेत्र में पर्व की रौनक को चार चाँद लगा दिए। श्रद्धा, उत्साह और मनोरंजन का अद्भुत संगम इस आयोजन में देखने को मिला, जहाँ भक्तिमय माहौल के बीच जय श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
इस विशेष कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम श्री सुरेश जादव ने की। उनके साथ जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और रमाशंकर बैस पटवारी , दीपक धर द्विवेदी, नित्यानंद द्विवेदी, वरिष्ठ समाजसेवी सिद्धार्थ सिंह, अमित सिंह सहित कई गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत शाम 5 बजे हुई, जब मैदान में सैकड़ों युवाओं और बच्चों का जोश देखते ही बन रहा था। मटकी फोड़ प्रतियोगिता के लिए बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया था। कार्यक्रम जैसे-जैसे आगे बढ़ा, वैसे-वैसे रोमांच भी अपने चरम पर पहुँचता गया। तीन प्रयासों का नियम था, लेकिन अधिकांश प्रतिभागी मटकी के करीब पहुँचकर असफल होते रहे आखिरकार, तीसरे प्रयास में पटवारी बृजेश शिल्पी ने मटकी फोड़कर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया और 11,000 रुपये का नकद पुरस्कार जीतकर कार्यक्रम की शान बन गए। द्वितीय पुरस्कार आर्यन गुप्ता को मिला, जबकि विकास हलवाई ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेताओं को उपखंड प्रशासन द्वारा सम्मानित किया गया, जिससे प्रतियोगियों और दर्शकों का उत्साह और भी बढ़ गया। इस आयोजन ने चितरंगी क्षेत्र में न केवल पर्व की धार्मिक महत्ता को उजागर किया, बल्कि सामुदायिक एकता, युवा जोश और परंपरा के प्रति सम्मान को भी नई ऊंचाइयों पर पहुँचाया।
